news-details

गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मकान की छत उड़ी, लाखों का सामान जलकर राख

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Jhansi

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ चौकी के पास गुरुवार रात एक मकान में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके से कमरे की सीमेंट शेड वाली छत उड़ गई और इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घर में रखे दो सिलेंडरों में से एक भरा हुआ था, जिसमें आग लगने के बाद विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि बहू द्वारा मंदिर में दीपक जलाने के बाद आग भड़क गई, जो देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई।

धमाके की आवाज सुनकर नजदीकी चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग से फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल फोन, नकदी सहित लगभग एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय निवासी जगदीश सिंह ने बताया कि आग लगने के समय घर में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।