news-details

घूरे पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने पर विवाद, एक ही परिवार के सात लोग घायल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुंडरी खेड़ा में घूरे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया चढ़ने को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। आरोप है कि विवाद के बाद दबंगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय दृगपाल पुत्र रामनाथ मक्का से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली का पहिया गांव निवासी वेदराम के घूरे पर चढ़ गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।हमले में दृगपाल (50), श्रीपाल (45), ऋषिपाल (40), रानी देवी (45), पूजा देवी (28), चेतन (20) और अनामिका (19) घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और उन्हें जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया।घायल दृगपाल ने बताया कि वह खेतों से मक्का के भुट्टे लादकर घर लौट रहे थे, तभी ट्रैक्टर का पहिया घूरे पर चढ़ जाने से विवाद हो गया। इसके बाद दबंगों ने परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।