
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर से कानपुर के बीच चलने वाली सीएनजी बसों का संचालन पिछले कई दिनों से बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को घाटमपुर क्षेत्र के एक सभासद ने लखनऊ पहुंचकर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर से मुलाकात की और बस सेवा जल्द बहाल कराने की मांग की। सभासद ने परिवहन मंत्री को पत्र सौंपकर बताया कि बस सेवा बंद होने से छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि घाटमपुर-कानपुर मार्ग पर चलने वाली सीएनजी बसें ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख यातायात साधन थीं और रोजाना हजारों लोग इन्हीं बसों से सफर करते थे।बसों का संचालन बंद होने के बाद लोगों को निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे यात्रियों का खर्च काफी बढ़ गया है। सभासद ने बताया कि सीएनजी बसें आम लोगों के लिए सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का माध्यम थीं, लेकिन अब महंगे किराए के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।परिवहन मंत्री दया शंकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए घाटमपुर-कानपुर मार्ग पर सीएनजी बसों का संचालन जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।