
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज स्थित हैलट अस्पताल में अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर सिल्ट के ढेर और सड़कों पर बहते पानी के कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई जा रही है।अस्पताल की इमरजेंसी, ओपीडी और जन औषधि केंद्र के आसपास कई जगह सिल्ट जमा मिली। भीषण गर्मी के बीच मरीजों के परिजन पेड़ों के नीचे बैठने पहुंचे तो वहां भी गंदगी और सिल्ट फैली हुई मिली, जिससे उन्हें मजबूरी में उसी जगह बैठना पड़ा।जन औषधि केंद्र के पास लगे वाटर कूलर की निकासी व्यवस्था भी प्रभावित मिली। नाली चोक होने के कारण पानी सड़क पर बहता रहा, जिससे जलभराव और मच्छरों के पनपने की आशंका बनी रही।वहीं अस्पताल परिसर में बने प्रतीक्षालय क्षेत्र में कुछ पंखे अधूरी स्थिति में दिखाई दिए। एक स्थान पर केवल मोटर लगी मिली, जबकि दूसरे स्थान पर पंखे की जगह सिर्फ रॉड दिखाई दी। इससे गर्मी में बैठने वाले मरीजों और तीमारदारों को दिक्कत हुई।मेडिकल कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल डॉक्टर ऋचा गिरी ने बताया कि अस्पताल परिसर में पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण खुदाई और सिल्ट दिखाई दे रही है। वहीं पंखों की सफाई और मरम्मत का काम जारी होने के कारण कुछ पंखे अस्थायी रूप से हटाए गए हैं।