
सीसामऊ सीट पर रहा है इरफान सोलंकी के परिवार का कब्जा
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
कानपुर के कॉमेडियन अन्नू अवस्थी ने सीसामऊ विधानसभा सीट से आगामी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को उन्होंने मित्र मिलन और देव यात्रा निकाली। करीब 16 किलोमीटर लंबी यात्रा में 50 से अधिक गाड़ियों का काफिला शामिल रहा। सांसद रमेश अवस्थी और फिल्म अभिनेत्री दीप्ती जोशी भी यात्रा में मौजूद रहीं। लाजपत नगर स्थित कर्फ्यू कार बाजार से दोपहर करीब तीन बजे यात्रा शुरू हुई। बेटी वंशिका ने अन्नू अवस्थी का तिलक किया। इसके बाद उन्हें समर्थकों ने कंधे पर उठाकर खुली जीप तक पहुंचाया। अन्नू अवस्थी, सांसद रमेश अवस्थी और दीप्ती जोशी खुली जीप में सवार हुए। यात्रा गुमटी, दर्शनपुरवा और देवनगर होते हुए डिप्टी पड़ाव पहुंची। यहां चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन के बाद सीसामऊ बाजार स्थित वनखंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। अन्नू अवस्थी ने कहा कि देव दर्शन के साथ नई शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने सीसामऊ से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जन्म इसी इलाके में हुआ है। उन्होंने कहा, “हम यहां हंसा-हंसा कर जीतेंगे और जनता को हंसाएंगे।” उन्होंने क्षेत्र की जनता को भगवान बताते हुए उनके लिए काम करने की बात कही।सीसामऊ सीट पर वर्तमान में सपा की नसीम सोलंकी विधायक हैं। इससे पहले उनके पति इरफान सोलंकी लगातार इस सीट से चुनाव जीतते रहे। उपचुनाव में नसीम सोलंकी ने भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को हराया था। आगामी चुनाव में अन्नू अवस्थी की घोषणा के बाद सीसामऊ की सियासत में हलचल बढ़ गई है।
सीसामऊ सीट पर रहा है इरफान सोलंकी के परिवार का कब्जा
अन्नू अवस्थी ने कानपुर की जिस सीसामऊ सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, उस पर लगातार इरफान सोलंकी परिवार का कब्जा रहा है। अभी उनकी पत्नी नसीम सोलंकी यहां से विधायक हैं। दरअसल, सीसामऊ विधानसभा सीट मुस्लिम मतदाता बाहुल्य है।1991 की राम लहर में पहली बार यहां से भाजपा के राकेश सोनकर विधायक बने थे। वे 1993 और 1996 में भी जीते। लेकिन, 2002 में कांग्रेस ने भाजपा से यह सीट झटक ली और 2007 में भी चुनाव जीती। इसके बाद 2012 में परिसीमन बदला, तो यह सीट समाजवादी पार्टी के हिस्से में आ गई। यहां आर्यनगर के विधायक रहे इरफान सोलंकी जीते।इरफान ने 2017 और 2022 में भी यहां से चुनाव जीता। लेकिन, जाजमऊ में आगजनी मामले में सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता रद्द हो गई। इसके बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नसीम सोलंकी ने भाजपा के सुरेश अवस्थी को हराया था।