
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ज्येष्ठ मास के दूसरे मंगलवार पर हनुमान मंदिरों में भक्ति और आस्था का विशेष संगम देखने को मिला। सुबह मंगला आरती के साथ ही सोटे वाले हनुमान मंदिर, पनकी मंदिर, बालाजी मंदिर और रूमा स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कानपुर साउथ स्थित सोटे वाले हनुमान मंदिर में बाबा का वानर रूप में विशेष श्रृंगार किया गया। सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। शाम को बाबा का ड्राई फ्रूट्स से विशेष श्रृंगार और रात में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।पनकी मंदिर में मंगला आरती के बाद विशेष लड्डुओं का भोग लगाया गया और भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। यहां रात में सुंदरकांड पाठ के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।सलेमपुर स्थित बालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं ने सवामिनी भोग अर्पित किया, जबकि रूमा स्थित ब्रह्मदेव हनुमान मंदिर में भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर आशीर्वाद लिया।भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे दिन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान और प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा।