
Pardarshi Vikas News Jhansi
नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (BIET) में बीटेक थर्ड ईयर के छात्र अभिषेक गौतम (23) ने बुधवार को हॉस्टल कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव कैंपस के पंचवटी हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक मैकेनिकल ब्रांच का छात्र था और पढ़ाई में लगातार कमजोर चल रहा था। उसके 5 सेमेस्टर में कुल 11 विषयों में बैक आ चुके थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। क्लासमेट्स ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में था और परीक्षा दबाव से परेशान रहता था।
घटना के बाद छात्र के कमरे से दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो मां सुनीता बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने छात्र का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। BIET निदेशक ने भी बताया कि छात्र लंबे समय से अकादमिक दबाव में था और कई विषयों में फेल हो रहा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।