
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद पुलिस की तत्परता और मेटा कंपनी के अलर्ट से उसकी जान बच गई। पुलिस टीम ने महज सात मिनट में मौके पर पहुंचकर युवक को फंदे से उतार लिया और समय रहते बड़ा हादसा टाल दिया।पुलिस के अनुसार सेन पश्चिम पारा क्षेत्र का रहने वाला 30 वर्षीय युवक अपनी मंगेतर द्वारा बातचीत बंद कर देने और मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से मानसिक तनाव में था। इसी अवसाद के चलते उसने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी एक वीडियो पोस्ट कर दिया।युवक की पोस्ट पर नजर पड़ते ही मेटा कंपनी की ओर से पुलिस मुख्यालय को तत्काल अलर्ट भेजा गया। पुलिस मुख्यालय से सूचना कानपुर कमिश्नरेट के मीडिया सेल तक पहुंची। इसके बाद मीडिया सेल ने युवक का मोबाइल नंबर, पता और अन्य आवश्यक जानकारी सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस को उपलब्ध कराई।सूचना मिलते ही दरोगा कादिर खान और हरवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए और मात्र सात मिनट में युवक के घर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने देखा कि युवक फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।पुलिस के समय पर हस्तक्षेप से युवक की जान बच गई। अधिकारियों के अनुसार जनवरी 2023 से 8 जून 2026 तक मेटा कंपनी के अलर्ट और तकनीकी सहयोग से उत्तर प्रदेश पुलिस 3081 लोगों की जान बचाने में सफल रही है।सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित फंदे से उतार लिया गया। फिलहाल युवक से बातचीत कर उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते पुलिस के द्वारा युवक की फंदे से उतारकर उसकी जान बचा ली गई। युवक से पूछताछ की जा रही है।
सेन पश्चिम पारा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह