
पारदर्शी विकास , महोबा। जनपद क्षेत्र में ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व उत्साह , शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह द्वारा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ ईदगाह पहुँचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा नमाज को सकुशल सम्पन्न कराया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज एवं अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा धर्मगुरुओं एवं आमजन से भेंट कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी गई तथा आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया गया। जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में ईदगाहों, मस्जिदों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों की तैनाती सुनिश्चित की गई। सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखते हुए नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराते रहे। नमाज उपरांत मुस्लिम धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों, बुजुर्गों, एवं विशेष रूप से बच्चों को बकरीद की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई तथा जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इसी प्रकार चरखारी, कबरई , आदि क्षेत्रों में भी बकरीद का पर्व शांतीपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।