
एसडीएम सीओ ने किया धार्मिक स्थलों का निरीक्षण , बोले- सार्वजनिक स्थलों पर नहीं होगी कुर्बानी
पारदर्शी विकाश न्यूज़ सुल्तानपुर। जिले में ईद-उल अजहा के त्यौहार से पहले प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है। शुक्रवार की शाम एसडीएम सदर उत्तम तिवारी और सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च किया गया। अधिकारियों ने चौक स्थित जामा मस्जिद और बीबिया मस्जिद सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।एसडीएम सदर उत्तम तिवारी ने बताया कि लोगों से सड़कों पर ईद-उल अजहा की नमाज अदा न करने की अपील की गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि नमाजियों की संख्या अधिक हो तो नमाज दो शिफ्ट में अदा की जा सकती है। एसडीएम ने प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न करने की भी हिदायत दी और कहा कि सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उत्तम तिवारी ने शहर की विभिन्न मस्जिदों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मस्जिद के इमामों से मिलकर सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का आग्रह किया।सीओ सिटी सौरभ सामंत ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी किसी भी कीमत पर नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।सामंत ने यह भी बताया कि सभी धार्मिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जमाल गेट और खैराबाद क्षेत्र का भी निरीक्षण किया।