
एक लाख लोगों ने पढ़ी नमाज
PARDARSHI VIKASH NEWS ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के अवसर पर जनपद कानपुर नगर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए। पर्व के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देशन में सभी संवेदनशील क्षेत्रों, ईदगाहों एवं प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। पूर्व में ही सभी समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप नमाज़ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।पुलिस उपायुक्त दक्षिण द्वारा थाना बाबूपुरवा क्षेत्र स्थित ईदगाह मस्जिद का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त बाबूपुरवा एवं थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। ईदगाह परिसर, आने-जाने वाले मार्गों, पार्किंग व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन की लगातार निगरानी की गई।इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पश्चिम द्वारा थाना अरमापुर क्षेत्र स्थित ईदगाह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। मौके पर घुड़सवार पुलिस, ड्रोन कैमरों एवं पर्याप्त पुलिस बल के माध्यम से सतत निगरानी रखी गई और नमाज़ को सकुशल सम्पन्न कराया गया।पुलिस उपायुक्त पूर्वी एवं अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी द्वारा जाजमऊ क्षेत्र स्थित दादा मियाँ ईदगाह का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन निगरानी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों जैसे कंपनी बाग, बेनाझावर, बजरिया, घंटाघर, जरीब चौकी एवं परेड चौराहा पर यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान डायवर्जन व्यवस्था एवं पार्किंग स्थलों की निगरानी करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे।पुलिस आयुक्त द्वारा मरकज़ी ईदगाह बजरिया क्षेत्र का निरीक्षण कर समग्र सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सहित जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नमाज़ के उपरांत पुलिस अधिकारियों द्वारा नमाज़ियों एवं बच्चों को ईद-उल-अज़हा की शुभकामनाएं दी गईं।जनपद में सम्पूर्ण पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। UP Police की सक्रियता एवं समन्वय के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

बकरीद पर्व पर जनपद में सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएँ पहले से सुनिश्चित की गई थीं। सभी विभागों के समन्वय से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में नमाज़ सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, जिसके लिए लगातार निगरानी की गई। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टीमें अलर्ट रहीं।- जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह

ईद-उल-अज़हा के अवसर पर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल, ड्रोन एवं सीसीटीवी से सतत निगरानी की गई। कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।- पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल

ईदगाह कमेटी ने जताया प्रशासन का आभार
ईदगाह कमेटी के जिम्मेदार शारिक नवाब ने बताया कि बकरीद की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग दिया, जिससे नमाजियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि करीब एक लाख लोगों ने ईदगाह में नमाज अदा की और देश में भाईचारे, अमन और खुशहाली की दुआ मांगी।