
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट (VVPAT) गोदाम का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, डबल लॉक व्यवस्था, सीलिंग प्रक्रिया तथा अभिलेखों के रख-रखाव की गहन समीक्षा की।जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गोदाम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियंत्रण, सीलों की स्थिति एवं अभिलेखों के नियमित संधारण का परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी निगरानी प्रणाली 24 घंटे सक्रिय रहे और उसकी रिकॉर्डिंग का नियमित परीक्षण किया जाए। साथ ही डबल लॉक व्यवस्था, सीलिंग प्रक्रिया तथा अभिलेखों के संधारण में पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को नियमित अंतराल पर गोदाम का निरीक्षण एवं सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान अधिकारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।