
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। वार्ड-14 की पार्षद शालू सुनील कन्नौजिया ने मंगलवार को जलकल विभाग के सचिव ईश्वर सिंह को ज्ञापन सौंपकर जूही क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान की मांग की। पार्षद ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई मोहल्लों में लंबे समय से लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है।पार्षद का कहना है कि कई इलाकों में कई दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।शालू सुनील कन्नौजिया ने बताया कि वार्ड के करीब एक दर्जन मोहल्लों में पेयजल संकट बना हुआ है। जलकल कर्मचारियों की लापरवाही के कारण कई घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इसके अलावा कई इलाकों में सीवर व्यवस्था भी खराब होने की शिकायत की गई है।ज्ञापन के माध्यम से पार्षद ने जलकल विभाग से चार दिन के भीतर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों के साथ जलकल मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।पार्षद ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और समस्या का जल्द स्थायी समाधान होना चाहिए।
जूही क्षेत्र के कई मोहल्लों में लंबे समय से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। कई जगह पानी की सप्लाई बंद है और लोगों को मजबूरी में दूषित पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। जलकल विभाग की लापरवाही के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। हमने विभाग को ज्ञापन देकर चार दिन के भीतर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों के साथ जलकल मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।-पार्षद शालू सुनील कन्नौजिया