
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ स्थित नए गंगापुल पर मरम्मत कार्य शुरू होने के साथ ही शुक्रवार रात शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। रात 10 बजे से लागू तीन दिवसीय डायवर्जन के बाद रामादेवी से जाजमऊ और नौबस्ता तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हाईवे पर ट्रक, डंपर, बसें और अन्य वाहन घंटों रेंगते रहे, जिससे लखनऊ जाने वाले यात्रियों और भारी वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा पुल के 40 मीटर हिस्से की मरम्मत के लिए 29 जून सुबह 8 बजे तक डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है, जबकि हल्के वाहनों को एक लेन से नियंत्रित तरीके से निकाला जा रहा है।डायवर्जन का सबसे अधिक असर रामादेवी चौराहे पर देखने को मिला, जहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई रोडवेज बसें भी जाम में फंस गईं, जिसके चलते यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने रोडवेज बसों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अलग मार्ग से निकाला, जबकि अन्य वाहन चालकों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और भारी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।