
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
जाजमऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अखलास अहमद के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से मुलाकात कर क्षेत्र की व्यापारी समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। दोपहर तीन बजे हुई मुलाकात में जाजमऊ की सफाई व्यवस्था, गंदगी और खाली स्थानों के बेहतर इस्तेमाल का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया। अखलास अहमद ने बताया कि क्षेत्र के कई स्थानों पर लंबे समय से कूड़े के ढेर और गंदगी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर सफाई कराने के बाद वहां पौधरोपण कराने का सुझाव दिया, जिससे गंदगी वाले स्थानों को हरित क्षेत्र में बदला जा सके। उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से जुड़ी अन्य समस्याओं के भी प्राथमिकता से समाधान की मांग की। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से उनका परीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। अखलास अहमद ने डीएम के व्यवहार और समस्याओं को गंभीरता से सुनने की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के बेहतर समन्वय से जाजमऊ की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। इस दौरान जितेंद्र कुमार, महेंद्र, गुफरान, नफीस, फैज समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।