
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 48 अतिरिक्त बेड वाला नया वार्ड तैयार कर शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर अस्पताल की तीसरी मंजिल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त वार्ड विकसित किया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में कुल बेडों की संख्या बढ़कर 140 हो गई है।नए वार्ड में बेड, पंखे, पर्दे, बिजली, लाइटिंग, नर्सिंग स्टेशन, लिफ्ट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिला सूचना अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के साथ वार्ड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार भविष्य में मरीजों को बेड की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा और आकस्मिक परिस्थितियों में भी इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. प्रजापति ने बताया कि शासन से अस्पताल के लिए 68 बेड स्वीकृत हैं, लेकिन बढ़ती जरूरत को देखते हुए पहले से 92 बेड संचालित किए जा रहे थे। अब 48 नए बेड जुड़ने से कुल क्षमता 140 हो गई है। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी को भी जल्द पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।