news-details

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने PET-2026 परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

You can share this post!

परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के दिए निर्देश

 

 


औरैया, 01 नवंबर 2026* उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को जनपद में निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जनपद के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों यथा तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय औरैया, तिलक इंटर कालेज औरैया एवं नगर पालिका इंटर कालेज औरैया आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित रहें। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने और प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
 जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता, अनुचित गतिविधि अथवा नकल की संभावना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ करें।इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने PET-2026 परीक्षा से संबंधित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से की जा रही निगरानी एवं समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान करते हुए सभी केंद्रों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने तथा परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध प्रभावी रूप से लागू रखे जाएं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी न्यायिक बिधूना निखिल राजपूत, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित परीक्षा केन्द्रों के संचालक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।