
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।
सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कानपुर रोड पर एक लोडर चालक और बाइक सवार युवकों के बीच हुए विवाद ने बड़ा जाम लगा दिया। इस जाम में उन्नाव से लौट रहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की फ्लीट भी फंस गई। घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार दो युवकों और छोटा हाथी लोडर चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। लोडर चालक ने आरोप लगाया कि बाइक सवार युवक उसका मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी और करीब 30 हजार रुपये लेकर भाग गए। इसके विरोध में चालक ने अपना लोडर कानपुर रोड के बीचों-बीच तिरछा खड़ा कर दिया।लोडर के सड़क पर खड़े होते ही कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते सड़क पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक से वाहन हटाने को कहा, लेकिन चालक ने बताया कि गाड़ी की चाबी उसके पास नहीं है। बताया गया कि बाइक सवार युवक ही लोडर की चाबी लेकर फरार हो गए थे।इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन हटाने का प्रयास किया, लेकिन स्टीयरिंग लॉक होने के कारण परेशानी बढ़ गई। काफी मशक्कत के बाद लोडर को सड़क किनारे कराया गया।=इस दौरान राज्यपाल की फ्लीट भी जाम में फंस गई, जिसे पुलिस ने किसी तरह निकलवाया। शाम करीब 7 बजे क्रेन की मदद से लोडर हटाया गया। पुलिस अब बाइक सवार युवकों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।