news-details

जोन-2 में सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं उठीं

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। कानपुर नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में सोमवार को जोन-2 के विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक हुई। महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-2 के पार्षदों की समस्याएं सुनीं। पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

वार्ड-95 यशोदा नगर की पार्षद सौम्या शुक्ला ने कहा कि पिछले एक वर्ष में वार्ड की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने स्ट्रीट लाइट की समस्या और सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

बैठक के बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि जोन-2 से सबसे अधिक शिकायतें स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को लेकर मिली हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।

महापौर ने कहा कि शहर में अतिक्रमण भी गंभीर समस्या है। सड़कों और नालों पर अतिक्रमण के कारण जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।