
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में ज्वैलर्स से जेवरात से भरा बैग लूटने की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि सीसीटीवी फुटेज की जांच में मामला लूट नहीं बल्कि मारपीट का निकला।लखनऊ के बंथरा निवासी अमर बहादुर सिंह पुत्र राजकिशोर ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपनी मोटरसाइकिल से गौमापुर स्थित जय हनुमान ज्वैलर्स की दुकान जा रहे थे। उनका आरोप था कि ओगरपुर के पास बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उनके सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग को छीनने का प्रयास किया।अमर बहादुर के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ छीना-झपटी की, जिसमें उनके सिर पर हल्की चोट भी आई। उन्होंने बताया कि शोर मचाने पर आरोपी बैग छोड़कर मौके से फरार हो गए।सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि वहां कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, लेकिन बैग लूटने जैसी घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। फुटेज में छीना-झपटी और कहासुनी जरूर दिखाई दी।सोहरामऊ इंस्पेक्टर अरविंद पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।