
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बर्रा क्षेत्र के दामोदर नगर स्थित वैभव ज्वेलर्स में रविवार देर शाम एक युवक ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी खरीदारी के बहाने दुकान में पहुंचा और महिला दुकानदार को बातों में उलझाकर महज 53 सेकेंड में छह सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पिता के लिए अंगूठी खरीदने की बात कही और अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहा। महिला दुकानदार ने ट्रे में रखकर उसे अंगूठियां दिखाईं। इसी दौरान आरोपी एक-एक कर अंगूठियां पहनकर देखने लगा और अचानक ट्रे से सभी अंगूठियां मुट्ठी में भरकर दुकान से बाहर भाग गया। दुकानदार ने शोर मचाया और पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी गली के रास्ते फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी कैद हो गया है। दुकानदार विजय वर्मा के मुताबिक सभी अंगूठियां लगभग 18 ग्राम सोने की थीं, जिनकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। बर्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।