
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। किसान कल्याण एसोसिएशन ने शनिवार को सुल्तानपुर में जिला प्रशासन को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में अखंडनगर ब्लॉक के डोमापारा गांव की बुजुर्ग सबेरी देवी को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित किए जाने का मामला उठाया गया। संगठन का आरोप है कि जीवित होने के बावजूद उन्हें मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन बंद कर दी गई है। एसोसिएशन ने मामले की जांच कर पेंशन बहाल करने की मांग की है।इसके अलावा जयसिंहपुर क्षेत्र में मारपीट, तालाब की जमीन पर मिट्टी खनन, चकमार्ग पर कब्जा और भूमि विवादों के निस्तारण में लापरवाही के आरोप भी लगाए गए। संगठन ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, एलपीजी सिलेंडर की कमी, बीज उपलब्ध कराने और धान रोपाई के लिए नहरों में समय से पानी छोड़े जाने की मांग भी उठाई।