
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल संचालन के लिए फील्ड प्रशिक्षकों का त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में शुरू हुआ। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की उपस्थिति में द्वितीय बैच के प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इसके आंकड़ों से विकास योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में सहायता मिलती है। उन्होंने प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से प्राप्त करने और आगे जनगणना कार्मिकों व फील्ड सुपरवाइजरों को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जानकारी देने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में कार्मिकों के दायित्व, फील्ड कार्यप्रणाली, निर्धारित प्रपत्र व प्रश्नावली भरने, आवश्यक सावधानियों और संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पवन तिवारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल सहित अन्य अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।