
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। किदवई नगर स्थित स्व. रत्न लाल शर्मा स्टेडियम में बुधवार से दो दिवसीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।इस दौरान डीएम ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और टीमवर्क से सफलता हासिल की जा सकती है। खेलों से आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।डीएम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।