
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।शिवपाल यादव ने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े कार्यों के लिए दिया गया चंदा यदि गलत तरीके से इस्तेमाल होता है या उसमें भ्रष्टाचार होता है, तो ऐसे लोग अधर्मी हैं और समाज उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए मिले धन का दुरुपयोग न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि नैतिक रूप से भी गलत है।प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के दावों के बावजूद बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।कानून व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी।इस दौरान शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। कानपुर दौरे पर उनका पार्टी नेताओं और समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया।