
पारदर्शी विकास ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर। पडरौना नगर के वार्ड नंबर-8 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (नोनिया पट्टी) में सोमवार देर शाम जर्जर विद्युत तार में आग लगने के बाद उसके टूटकर गिरने से एक बच्ची उसकी चपेट में आकर झुलस गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। परिजनों के अनुसार बच्ची की हालत अब ठीक है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड में कई विद्युत तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और नीचे तक लटक रहे हैं। हादसे से करीब एक माह पहले वार्ड सभासद मैनुद्दीन अंसारी ने जर्जर तारों को बदलवाने के लिए बिजली विभाग को लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद तार नहीं बदले गए।लोगों के मुताबिक सदर विधायक मनीष जायसवाल ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों को जर्जर तार बदलने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा अधिशासी अभियंता से भी कई बार शिकायत की गई। हर बार जल्द तार बदलने का आश्वासन मिला, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सभासद मैनुद्दीन अंसारी ने बताया कि खंभों के बीच अधिक दूरी होने के कारण तार काफी नीचे तक लटक रहे हैं। इससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि पहले भी बकरी और कुत्ते इन तारों की चपेट में आ चुके हैं। अब बच्ची के झुलसने की घटना सामने आई है। उन्होंने पूरे वार्ड में जर्जर तारों को तत्काल बदलने की मांग की।घायल बच्ची मरियम की मां ने बताया कि घटना में बच्ची को हल्की चोट आई थी। अस्पताल में उपचार कराने के बाद दवा दी गई है और अब वह घर पर आराम कर रही है।हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को बदल दिया जाता तो हादसे को रोका जा सकता था। लोगों ने विभाग से पूरे वार्ड का निरीक्षण कर जर्जर तारों को तत्काल बदलने की मांग की है।