
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। जिले में ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव की विसर्जन शोभायात्रा भक्तिभाव और उल्लास के साथ निकाली गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। सोमवार देर रात चौक, ठठेरी बाजार और पंचरस्ता सहित प्रमुख बाजारों में देवी प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। डीजे की धुन, जयकारों और आतिशबाजी के बीच पूजा समितियों के सदस्य नाचते-गाते आगे बढ़े। मेजरगंज तिराहे पर मां दुर्गा और रूहट्टागली की मां काली का पारंपरिक मिलन आकर्षण का केंद्र रहा।जिले में 700 से अधिक प्रतिमाओं की स्थापना के बाद विसर्जन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क है। मौसम संबंधी चेतावनी के मद्देनजर करीब 36 घंटे में विसर्जन पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। सुरक्षा के लिए कई जिलों की पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ और जल पुलिस तैनात की गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह भंडारे भी आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि सीताकुंड धाम पर जेएमडी ग्रुप की ओर से 24 घंटे का भंडारा चलाया जा रहा है। दूसरी ओर, बड़ी संख्या में डीजे के संचालन के बीच ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन कराना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।