news-details

JEE-Advanced में बिहार के शुभम कुमार टॉपर, 56,880 अभ्यर्थी सफल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE)-Advanced 2026 का परिणाम रविवार देर रात घोषित किया गया। बिहार के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। दिल्ली के कबीर छिल्लर दूसरे और राजस्थान के झुंझुनूं निवासी जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे। इस वर्ष टॉप-10 में शामिल 6 छात्रों ने राजस्थान के कोटा स्थित कोचिंग संस्थानों से तैयारी की है। परीक्षा में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। सफलता प्रतिशत 31.65 रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर माना जा रहा है। इस बार क्वालिफाइंग कटऑफ 74 से बढ़कर 92 अंक पहुंच गई है, जबकि सामान्य वर्ग के लिए विषयवार कटऑफ में भी 8 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।रिजल्ट घोषित होने के बाद कोटा के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में जश्न का माहौल देखने को मिला। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नृत्य के साथ सफलता का उत्सव मनाया। ऑल इंडिया रैंक-7 प्राप्त करने वाले अर्णव ने बताया कि उन्होंने पिछले दो वर्षों से लगातार तैयारी की और अब उनका लक्ष्य आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना है। वहीं, गर्ल्स कैटेगरी में आरोही देशपांडे ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जिन्हें 360 में से 280 अंक मिले और उनकी ऑल इंडिया रैंक 77 रही। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष परीक्षा का स्तर संतुलित रहा, जिसके कारण कटऑफ में बढ़ोतरी देखने को मिली।