
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि संघ का विस्तार तो तेजी से हुआ है, लेकिन अब अच्छे लोगों की कमी महसूस होने लगी है। विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कई अधिकारी भी खुद को संघ से जुड़ा बताने लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब हर अधिकारी कहता है कि उसने संघ की शाखा में हिस्सा लिया है या उसके परिवार का संघ से संबंध रहा है। उनके मुताबिक, संगठन और विचारधारा का विस्तार तभी सार्थक है, जब उससे अच्छे और समर्पित लोग भी जुड़ें। यह बयान भोपाल में आयोजित स्वर्गीय शालिगराम तोमर स्मृति राष्ट्रसेवी सम्मान समारोह में दिया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विजयवर्गीय के बयान को सरकार और संगठन की कार्यशैली पर गंभीर टिप्पणी बताते हुए प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। विजयवर्गीय का यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।