news-details

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मिलेगी मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़, वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ की ओर से मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। इसके लिए 12 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन स्थित सभागार में सम्मान समारोह आयोजित होगा।

कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि समारोह में एनसीसी कैडेटों द्वारा कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद सैन्य परंपरा एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि और सम्मान प्रदान किया जाएगा।

कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार ने कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की भारतीय ज्ञान-परंपरा और एनसीसी के अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा एवं युवा विकास के मूल्यों का यह विशिष्ट समन्वय है।

समारोह में एनसीसी के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, समूह सेनानायक और विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहेंगे। आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और एनसीसी विभाग ने सुरक्षा, मंच, अतिथि व्यवस्था, प्रोटोकॉल तथा गार्ड ऑफ ऑनर के पूर्वाभ्यास सहित तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार, लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश वीरौशन, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षित छाबड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।