
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और सीडीओ अभिनव जैन ने बुधवार को बिल्हौर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौबेपुर आरआरसी सेंटर, शिवराजपुर कान्हा गौशाला, नगर पंचायत कार्यालय, कांशीराम कॉलोनी और मधई निवादा पानी टंकी का जायजा लिया।डीएम ने चौबेपुर स्थित आरआरसी सेंटर में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था देखी और साफ-सफाई की सराहना की। उन्होंने गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने तथा ग्रामीणों को कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था से जोड़ने के निर्देश दिए।शिवराजपुर कान्हा गौशाला में डीएम ने गोवंश की देखभाल, हरे चारे की उपलब्धता और गर्मी से बचाव के इंतजामों का निरीक्षण किया। गौशाला में 166 गोवंश की बेहतर व्यवस्था पर अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने गोबर के बेहतर उपयोग के लिए प्लांट लगाने का सुझाव भी दिया।निरीक्षण के दौरान कांशीराम कॉलोनी में व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए डीएम ने कॉलोनी की रंगाई-पुताई के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। वहीं मधई निवादा पानी टंकी का निरीक्षण कर ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।डीएम ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखने और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।