
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मेट्रो के सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। संचालन से पहले सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच के लिए आई CMRS (कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी) की चार सदस्यीय टीम ने प्रारंभिक निरीक्षण पूरा कर लिया है। निरीक्षण के दौरान टीम ने ट्रैक, सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल और सिविल सिस्टम की विस्तृत जांच की। खास तौर पर ट्रैक की मजबूती, सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली, ओवरहेड इलेक्ट्रिकल (OHE) लाइन की पावर सप्लाई और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम की गहन समीक्षा की गई।इस जांच का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सिस्टम को पूरी तरह मानकों के अनुरूप तैयार करना था।प्रारंभिक निरीक्षण के बाद अब CMRS टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके बाद मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा फाइनल निरीक्षण किया जाएगा। उनकी हरी झंडी मिलने के बाद ही सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवाओं का संचालन शुरू किया जाएगा।