
Pardarshi Vikas News Lalitpur
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को अमरपुर मंडी समिति परिसर स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों का संचालन पूरी पारदर्शिता से किया जाए और किसानों के नाम पर खरीद करने वाले बिचौलियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों के क्रय केंद्रों पर नियमित निगरानी रखें और यह सुनिश्चित करें कि किसी किसान के नाम पर बिचौलियों द्वारा गेहूं बिक्री न की जा रही हो। प्रत्येक केंद्र पर राजस्व कर्मियों की ड्यूटी लगाकर संदिग्ध लोगों पर नजर रखने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान विपणन शाखा केंद्र बांसी एट पर 3000 बोरे उपलब्ध पाए गए, जहां अब तक 5269.50 कुंतल गेहूं खरीदा जा चुका है। डीएम ने समय से उठान और किसानों के भुगतान के निर्देश दिए। भारतीय खाद्य निगम केंद्र पर बारदाना शून्य मिला, जबकि 5000 कुंतल गेहूं खरीद हो चुकी थी। यहां साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया। पीसीएफ संचालित क्रय-विक्रय सहकारी समिति केंद्र पर 1250 कुंतल खरीद की जानकारी मिली। वहीं बी-पैक्स रोंडा केंद्र पर केंद्र प्रभारी जगदीश सिंह नशे की हालत में मिले। इस पर डीएम ने सहायक आयुक्त सहकारिता और जिला प्रबंधक पीसीएफ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, साफ-सफाई, छाया, पेयजल और नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी मौजूद रहे।