
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के रामनरायण पुरवा गांव में 45 वर्षीय किसान ऊदन सिंह उर्फ ऊदल का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही एक बिचौलिए और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, शादी के रिश्ते को लेकर हुए विवाद के बाद किसान का बिचौलिए से झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।परिजनों के मुताबिक, किसान रविवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह उनका शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर वेयरहाउस के पीछे खाली प्लॉट में मिला।घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने गले पर खरोंच और शरीर पर चोट के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जताई है।सूचना पर सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।