news-details

काशी में बनेगा स्वामी विवेकानंद सनातन ज्ञान केंद्र

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने और स्वामी विवेकानंद के विचारों को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद सत्यम शाखा वाराणसी की ओर से ‘प्रोजेक्ट विवेक ज्योति’ के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद सनातन ज्ञान केंद्र की स्थापना की जा रही है। इसका भूमि पूजन एवं शिलान्यास 23 अगस्त को सुबह 8:30 बजे नदेसर स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में होगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि छावनी परिषद वाराणसी के मुख्य अधिशासी अधिकारी विशाल सारस्वत मौजूद रहेंगे।नदेसर पार्क में स्थापित स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा के पीछे प्रस्तावित यह केंद्र भारतीय ज्ञान परंपरा, सनातन संस्कृति, काशी के इतिहास और स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन से लोगों को परिचित कराने का माध्यम बनेगा। केंद्र में वेद, उपनिषद, श्रीमद्भगवद्गीता, काशी के गौरवशाली इतिहास एवं आध्यात्मिक विरासत से संबंधित पुस्तकों और साहित्य के साथ स्वामी विवेकानंद के जीवन व विचारों से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराने की योजना है।यह केंद्र विद्यार्थियों, युवाओं, शोधार्थियों और देश-विदेश से काशी आने वाले पर्यटकों के लिए अध्ययन एवं ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। परियोजना संयोजक संजीव कपूर ने कहा कि उद्देश्य केवल भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा जीवंत ज्ञान केंद्र तैयार करना है, जहां लोगों को भारतीय संस्कृति और स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा मिले। उन्होंने बताया कि परियोजना समाज के सहयोग से आगे बढ़ाई जाएगी और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।