news-details

कुशीनगर में आज होगा भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद कुशीनगर में रविवार, 21 जून 2026 को प्रातः 6 बजे से जिला खेल कार्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है।उप क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रशिक्षित योगाचार्यों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जाएगा। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के महत्व को भी लोगों के बीच रेखांकित किया जाएगा।उन्होंने जनपद के सभी योग प्रेमियों, गणमान्य नागरिकों, खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की है। साथ ही सभी खेल संघों के सचिवों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया है।उप क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस सामूहिक योग कार्यक्रम में सहभागिता कर प्रत्येक नागरिक स्वस्थ भारत और फिट इंडिया के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।