
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले से बीए की छात्रा घायल हो गई। आरोप है कि एक घर में पाले गए एक दर्जन से अधिक कुत्तों के झुंड ने छात्रा पर हमला कर दिया।आवास विकास निवासी जय श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी बेटी तन्नू श्रीवास्तव मंगलवार रात करीब 10 बजे अपनी मौसेरी बहन के साथ लौट रही थी। तभी पड़ोस के घर के बाहर मौजूद कुत्तों ने अचानक उस पर हमला कर दिया।कुत्तों ने छात्रा के पैर में कई जगह काट लिया, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को भगाकर छात्रा की जान बचाई।परिजनों का आरोप है कि संबंधित घर में बड़ी संख्या में कुत्ते पाले गए हैं, जो पहले भी राहगीरों पर हमला कर चुके हैं। शिकायत करने पर कुत्तों की मालकिन से विवाद भी हुआ।पीड़ित परिवार ने कल्याणपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और कार्रवाई की मांग की है।कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।