
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न जनजागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। यह आयोजन ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ थीम के तहत होंगे।जिलाधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने के निर्देश देते हुए सभी विकास खंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में पौधरोपण सुनिश्चित करने को कहा। 11 जून को विकासखंड औरैया में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित होगा, जिसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।कार्यक्रमों के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान, जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेलों का भी आयोजन किया जाएगा। 14 जून को सदर तहसील, 15 जून को बिधूना तथा 16 जून को अजीतमल तहसील में शिविर लगाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।18 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला में किसानों को जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद और जैविक कीटनाशकों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदभर में योग कार्यक्रम आयोजित होंगे।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।