
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल से कक्षा-7 की चार छात्राओं के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, छात्राएं स्कूल से बिना बताए निकलकर सीधे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचीं और वहां से जम्मू तवी एक्सप्रेस में सवार हो गईं।रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में चारों छात्राएं ट्रेन में चढ़ते हुए दिखाई दी हैं। बाद में यह भी पता चला कि वे जम्मू तवी एक्सप्रेस से उतरकर प्रयागराज की ओर जाने वाली कालिका ट्रेन में भी सवार हुई थीं।घटना के बाद पुलिस और RPF ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू कर दिया है। टीम परिजनों के साथ संभावित रूट और स्टेशनों पर लगातार जांच कर रही है।परिजनों के अनुसार, एक छात्रा घर से करीब 2500 रुपये और कपड़े लेकर निकली थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चारों छात्राओं ने पहले से कहीं जाने की योजना बनाई थी।मामले में परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं कि जब बच्चों को अभिभावकों को सौंपा जाना था तो वे बिना बताए बाहर कैसे निकल गईं। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी सीसीटीवी फुटेज और रेलवे नेटवर्क की मदद से छात्राओं की लोकेशन ट्रैक की जा रही है और जल्द ही उन्हें सुरक्षित बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।