
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने बुधवार को सिंहपुर विकासखंड की साधन सहकारी समिति राजापुर और इन्हौना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रबी सत्र के मद्देनजर डीएपी और यूरिया की उपलब्धता, खाद वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों की जांच की। उन्होंने उर्वरक स्टॉक का भौतिक सत्यापन करते हुए पीओएस मशीन में दर्ज विवरण का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया। दोनों समितियों में अभिलेख सही पाए गए। इन्हौना समिति में 65 बोरी डीएपी सहित अन्य उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिले।निरीक्षण के दौरान दोनों समितियों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति सचिवों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो और डीएपी व यूरिया का वितरण निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी तरीके से किया जाए। स्टॉक और वितरण संबंधी अभिलेख नियमित अपडेट रखने को भी कहा।सीडीओ ने किसानों और आमजन को जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से स्वगणना के बाद प्राप्त एसई आईडी सुरक्षित रखने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की अपील की। दोनों समितियों के सचिवों को खाद लेने आने वाले लोगों को इन कार्यक्रमों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।