
पारदर्शी विकास ब्यूरो
खड्डा, कुशीनगर। खड्डा स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय की दो छात्राओं ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह "दीक्षोत्सव" में स्वर्णिम सफलता हासिल कर महाविद्यालय, खड्डा क्षेत्र और पूरे कुशीनगर जनपद का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय की छात्रा कु. सुष्मिता गुप्ता ने एम.ए. हिंदी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक साथ 6 स्वर्ण पदक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं कुमारी साक्षी मिश्रा ने बी.एससी. (गणित वर्ग) में विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध सभी महाविद्यालयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
45वें दीक्षांत समारोह में दोनों छात्राओं को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तरीय एवं स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। छात्राओं को सम्मानित होते देख महाविद्यालय परिवार गौरवान्वित नजर आया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मिश्र ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन का प्रतिफल है। वहीं प्रबंध निदेशक पवन दूबे ने कहा कि दोनों छात्राएँ भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूते हुए महाविद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
महाविद्यालय के प्रबंधतंत्र, प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने दोनों स्वर्ण पदक विजेता छात्राओं का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। सभी ने इसे संस्थान की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।