
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। घर का लोहे का गेट अचानक उखड़कर गिर गया, जिसके नीचे दबने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, मोहिद्दीनपुर निवासी सूरज कुमार के घर में सुबह करीब साढ़े आठ बजे हादसा हुआ। सूरज की पत्नी सीमा बड़ी बेटी सृष्टि को ट्यूशन छोड़ने गई थीं, जबकि सूरज घर पर छोटी बेटी अन्वी को खाना खिला रहे थे। इसी दौरान अन्वी खेलते हुए घर के मुख्य गेट के पास पहुंच गई।अचानक करीब 8 साल पुराना लोहे का गेट कुंडे समेत उखड़कर बच्ची के ऊपर गिर गया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गेट हटाकर उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों के मुताबिक गेट का वजन एक कुंतल से अधिक था। लंबे समय से खुलने-बंद होने के कारण कुंडे और सीमेंट की पकड़ कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।सूचना मिलने पर पीजीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कराया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।