
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक माह से लापता युवक को उसके परिजन लगातार तलाशते रहे, जबकि पुलिस ने यमुना नदी से शव मिलने के बाद उसे अज्ञात मानकर अंतिम संस्कार कर दिया। पीड़ित परिवार ने बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। अजय नगर निवासी पिंकी के अनुसार, उनके पति पिंटू उर्फ कृष्णकांत कृष्णानगर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थे। वह 17 अप्रैल को घर से बाहर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और थाना हाईवे में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।परिजनों का कहना है कि पिंटू के लापता होने के कुछ ही घंटों बाद जमुनापार थाना पुलिस को यमुना नदी में एक शव मिला था। पहचान न होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अज्ञात मानते हुए तीन दिन बाद अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार का आरोप है कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। हाल ही में किसी माध्यम से परिजनों को पता चला कि यमुना से मिला शव संभवतः पिंटू का था, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। बृहस्पतिवार को परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। श्लोक कुमार ने बताया कि परिवार की शिकायत मिलने के बाद जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।