
पारदर्शी विकास न्यूज़ बहराइच/सुमेरपुर। क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार रात अचानक हुई बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद पूरी तरह प्रभावित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार रात में कई बार बिजली गुल हुई, जिससे उमस और गर्मी के बीच हालात और खराब हो गए। रात करीब 2 बजे आपूर्ति बंद होने के बाद तड़के 4 बजे बिजली बहाल हुई, लेकिन इससे पहले भी देर रात और सुबह के समय कटौती होती रही।पिछले दो दिनों तक राहत मिलने के बाद फिर से बिजली व्यवस्था बिगड़ने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार होने वाली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और गर्मी में स्थिति और गंभीर हो गई है।वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कटौती ऊपर से जारी निर्देशों के तहत की जा रही है, स्थानीय स्तर पर कोई अनियमित कटौती नहीं है।