news-details

लखनऊ एयरपोर्ट पर 10.39 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और सीमा शुल्क विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक भारतीय यात्री के पास से 10.397 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10.39 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यात्री 5 जून को बैंकॉक से मस्कट होते हुए ओमान एयर की फ्लाइट संख्या WY-265 से लखनऊ पहुंचा था। एयर इंटेलिजेंस यूनिट को मिली विशेष सूचना के आधार पर ग्रीन चैनल पर उसकी निगरानी की जा रही थी।संदेह के आधार पर अधिकारियों ने यात्री को रोककर उसके सामान की एक्स-रे जांच की। ट्रॉली बैग की गहन तलाशी लेने पर प्लास्टिक की कई परतों में लिपटे 13 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में हरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ रखा गया था।प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ की पहचान हाइड्रोपोनिक मारिजुआना (हाई-ग्रेड गांजा) के रूप में हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 10.397 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद पूरे माल को जब्त कर लिया गया।सीमा शुल्क विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम-1985 के तहत कार्रवाई की है। उस पर धारा 20 और 23 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।अपर आयुक्त जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं तथा यह खेप किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी। फिलहाल कस्टम विभाग और अन्य एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।