
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के छाजा रायपुर गांव में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, देर रात मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत को लेकर पिता ने उसे डांट दिया था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक, छाजा रायपुर गांव निवासी सतीश की नाबालिग बेटी रविवार रात घर पर मोबाइल से किसी से बात कर रही थी। इसी दौरान पिता ने उसे देर रात फोन पर बात करने और अनुशासन को लेकर डांट लगाई। परिजनों का कहना है कि इसी बात से आहत होकर किशोरी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। मृतका अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उसकी मौत के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। के.के. मिश्रा ने बताया कि किशोरी द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।