news-details

मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 66 क्विंटल मसाला जब्त

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मसाला फैक्ट्रियों पर छापा मारा है। इस कार्रवाई में करीब 14 लाख रुपये मूल्य का लगभग 66 क्विंटल मसाला पाउडर जब्त किया गया है। विभाग ने जांच के लिए कुल 10 नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है। इसे जिले में मसाला कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य विभाग उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। सहायक आयुक्त खाद्य राम अवतार सिंह के नेतृत्व में टीम ने जैनपुर स्थित वूल्वरिन फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पर छापा मारा, जहां से विभिन्न प्रकार के मसाला पाउडर के नमूने लिए गए और भारी मात्रा में माल जब्त किया गया।इसके बाद दूसरी टीम ने रनियां स्थित अचिता इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में भी जांच की और वहां से भी नमूने एकत्र किए। दोनों फैक्ट्रियों से कुल 10 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने भी चेतावनी दी है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।