
अमेठी । भादर ब्लॉक क्षेत्र स्थित रघईपुर मजरे रतापुर गांव में मूसलाधार बारिश ने एक बुजुर्ग महिला का आशियाना छीन लिया। लगातार बारिश के कारण लक्खू देवी का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मकान गिरने के बाद उनके सिर से छत छिन गई और अब वह दूसरों के घरों में रहने को मजबूर हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों के मुताबिक लक्खू देवी काफी समय से इसी कच्चे मकान में रह रही थीं। बारिश के दौरान मकान की हालत लगातार कमजोर होती गई और आखिरकार वह ढह गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन घर टूटने के बाद बुजुर्ग महिला के सामने सबसे बड़ी समस्या रहने की हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि लक्खू देवी का एक बेटा है, जो बाहर रहता है। ग्रामीणों के अनुसार वह परिवार से कोई संपर्क नहीं रखता। ऐसे में बुजुर्ग महिला की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। आय का भी कोई स्थायी जरिया नहीं होने के कारण मकान गिरने के बाद उनकी मुश्किल और बढ़ गई है।
हरिराम यादव, रामसेवक यादव, अमरनाथ यादव और उमाशंकर यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से बुजुर्ग महिला की मदद करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लक्खू देवी की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और उनके पास अपना मकान बनवाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसे में सरकारी मदद ही उनके लिए सबसे बड़ा सहारा बन सकती है।