news-details

माधोपुर कट पर रफ्तार का कहर, तीन छात्राओं को रौंदा; दो की मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो
तमकुहीराज, कुशीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर माधोपुर कट के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार लग्जरी कार ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृत छात्राओं की पहचान निशा गिरी (18) पुत्री ओमप्रकाश गिरी और अनामिका ठाकुर (18) पुत्री हरेंद्र ठाकुर, निवासी बोधा छापर, जिला गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। घायल छात्रा की पहचान अलीशा खातून के रूप में हुई है। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
बताया गया कि तीनों छात्राएं विद्यावती देवी महाविद्यालय में पढ़ाई करने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थीं। माधोपुर कट के पास बिहार की ओर से तेज गति में आ रही लग्जरी कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों छात्राएं सड़क पर जा गिरीं। गंभीर चोट लगने से निशा और अनामिका की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल अलीशा सड़क पर पड़ी थी। इसी दौरान स्थानीय युवकों जहांगीर, इरफान और अबरार ने तत्परता दिखाते हुए उसे निजी कार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
सूचना पर उपनिरीक्षक रणबीर सिंह, उपनिरीक्षक आदर्श कुमार मिश्र और हेड कांस्टेबल हेमंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लग्जरी कार को कब्जे में ले लिया। बताया गया कि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। दोनों छात्राओं के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृत छात्राओं के परिवारों में कोहराम मच गया। कॉलेज से पढ़ाई कर घर लौट रही छात्राओं के लिए माधोपुर कट का यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।