news-details

महोबा बस स्टैंड में नशेड़ी युवकों का उत्पात, 6 कारें और बस में तोड़फोड़

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS महोबा शहर के पुराने प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाते हुए छह कारों और एक बस में पथराव कर भारी नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि रात में 8 से 10 युवक शराब के नशे में आपस में भिड़ गए, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर उन्होंने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने बड़े पत्थरों से हमला कर भवानीदीन राठौर, आशीष शिवहरे, विपिन अग्रवाल, अमित कुमार और धर्मेंद्र सोनी समेत कई लोगों की कारों के शीशे और बॉडी क्षतिग्रस्त कर दी। बस स्टैंड पर खड़ी एक बस के शीशे भी तोड़ दिए गए। इसके अलावा सामने स्थित सिटी कार्ट मॉल की बंद शटर पर भी पथराव किया गया। पीड़ित वाहन मालिकों के मुताबिक घटना में करीब 3 से 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी स्थानीय निवासी हैं और फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा सकती है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।